Bhowali : बरसात, चाय, पहाड़ और वो हसीन रातें जो कभी नहीं भूलेंगे!
क्या आप भी नैनीताल की भीड़-भाड़ और ‘ट्रैफिक जाम’ से थोड़ा पक चुके हैं? अगर हाँ, तो चलो आज आपको उत्तराखंड के एक ऐसे छुपा रुस्तम हिल स्टेशन ले चलता हूँ, जो सच में एक ‘हिडन जेम’ है और इस खूबसूरत हिडन जेम का नाम हैं Bhowali !
नैनीताल से सिर्फ 11 किलोमीटर दूर, देवदार के घने पेड़ों और ताज़ा पहाड़ी हवा के बीच बसा भवाली वो जगह है जहाँ घड़ी की सुइयां थोड़ी धीमी चलने लगती हैं। यहाँ न तो मॉल रोड पर लोगों का धक्का-मुक्की मिलेगा और न ही गाड़ियों का शोर। यहाँ मिलेगी तो बस पहाड़ों की शांति, साफ़ हवा और ताज़े फलों के बाग!
चाहे आपको कैंची धाम जाना हो, भीमताल की तरफ निकलना हो, या बस एक कप गरम चाय के साथ पहाड़ी नज़ारों का मज़ा लेना हो। Bhowali हर ट्रैवल प्लान का सबसे परफेक्ट ‘जंक्शन’ है।
तो चलिए, पैकिंग कीजिए और मेरे साथ एक्सप्लोरेशन शुरू कीजिए… चलो भवाली को थोड़ा करीब से जानते हैं!
Bhowali में मेरे दोस्त रश्मि के साथ बारिश में बिताए वो यादगार दिन
नमस्कार दोस्तों… मुझे तो आप जानते ही हो! मैं हूं अमित, और आज की यह बात सीधे दिल से निकलकर खूबसूरत भारत के आप सभी प्यारे दोस्तों के लिए है!
दिल्ली से यहाँ तक का बस का सफ़र कैसा रहा, वो तो मैं पिछले लेख Kainchi Dham में बता ही चुका हूँ। लेकिन जैसे ही भवाली पहुँचे, सच बताऊँ तो हवा का वो पहला झोंका ऐसा लगा जैसे कोई बरसों पुराना दोस्त गले मिल रहा हो।
यह वही दिन थे जब मैं और मेरी दोस्त रश्मि बारिश की हल्की-हल्की बूंदों को महसूस करते हुए कैंची धाम के दर्शन करने निकले थे। हमने रुकने का ठिकाना भवाली में ही बनाया था, और धाम से लौटते वक़्त मन में आया कि क्यों न इस शांत और ख़ूबसूरत से हिल स्टेशन को थोड़ा और करीब से महसूस किया जाए।
अभी भी आँखें मूँदूँ तो वो नज़ारा साफ़ दिखता है। हल्की-हल्की रिमझिम बारिश हो रही थी, और सामने पहाड़ों ने बादलों की ऐसी सफ़ेद चादर ओढ़ रखी थी जैसे वो भी इस मौसम का मज़ा ले रहे हों।
रास्ते में चलते-चलते रश्मि ने अचानक रुककर कहा, अमित, यार यह जगह तो नैनीताल से बिल्कुल अलग है! न यहाँ गाड़ियों का बेवजह का शोर है, न वो धक्का-मुक्की वाली भीड़… कितनी अजीब सी शांति है न यहाँ?
मैंने मुस्कुराते हुए जवाब दिया, हाँ यार, यही तो ख़ासियत है भवाली की! लोग अक्सर सीधे नैनीताल की तरफ़ भाग जाते हैं, लेकिन यह जगह चुपचाप, बिना किसी दिखावे के, अपनी असली सुंदरता बिखेरती रहती है।
देवदार के घने पेड़ों की खुशबू, चाय के कुल्हड़ से उठता धुआँ, और बारिश की बूंदों के बीच भवाली की वो शामें कुछ ऐसी थीं जिन्हें हम आज भी अपने साथ समेटे हुए हैं।
आइए, आज आपको भी ले चलता हूँ Bhowali की उन्हीं ख़ूबसूरत गलियों में, मेरी और रश्मि की नज़र से…
Bhowali क्या है और क्यों इतनी ख़ास है यह जगह?
भौगोलिक दृष्टि से देखें तो Bhowali समुद्र तल से लगभग 1,654 मीटर की ऊँचाई पर बसा हुआ है। नैनीताल से सिर्फ़ 11 किलोमीटर दूर। लेकिन असल में यह कुमाऊँ का दिल है, एक असली Gateway to Kumaon Region। भवाली एक ऐसा खूबसूरत जंक्शन है जहाँ से रास्ते चारों तरफ़ निकलते हैं भीमताल, रामगढ़, मुक्तेश्वर, अल्मोड़ा, रानीखेत… आप जहाँ जाना चाहें, रास्ता यहीं से होकर जाता है।

जब हम पहली बार यहाँ पहुँचे, तो ऐसा लगा मानो पहाड़ों ने अपनी बाहें खोलकर हमें अपने में समेट लिया हो। चारों तरफ़ चीड़ के लंबे-लंबे पेड़, हवा में उनकी सोंधी सी खुशबू, चेहरे को छूती ठंडी हवा और दूर-दूर तक फैले फलों के बाग! यार, सच कहूँ तो यह नज़ारा देखकर ही शहर की सारी थकान मिट जाती है और दिल खुश हो जाता है।
आप सोच रहे होंगे कि आखिर भवाली में ऐसा क्या ख़ास है? तो सुनो…
1. पहाड़ों का फल बाज़ार (Hill Fruit Mart)
Bhowali अपने प्राकृतिक नज़ारों के साथ-साथ फलों की मंडी के लिए पूरे उत्तराखंड में मशहूर है। सेब, आड़ू (Peach), आलूबुखारा (Plum), खुबानी (Apricot), स्ट्रॉबेरी… जितने नाम सोच सकते हैं, सब यहाँ ताज़ा मिलते हैं।
रास्ते में हम एक छोटी सी फलों की दुकान पर रुके। दुकान वाले अंकल ने बड़ी आत्मीयता से मुस्कुराते हुए कहा, बेटा, अभी बाग़ से ताज़ा तोड़ के लाए हैं, पहले चख के देखो! रश्मि ने एक प्लम उठाया, खाया और चहकते हुए बोली, “अरे वाह अमित! जांजगीर में तो ऐसे रसीले स्वाद वाले फल ढूँढने से भी नहीं मिलते।” मैंने भी एक खाया मीठा, एकदम रसीला और कुदरती तौर पर ठंडा! फिर क्या था, हमने वहीं से एक पूरा थैला भर लिया और बाद में होटल के कमरे में बैठकर खाते-खाते देर रात तक बातें करते रहे।
2. 1912 का ऐतिहासिक टीबी सैनेटोरियम (T.B. Sanatorium)
भवाली का एक ख़ास ऐतिहासिक पहलू भी है। यहाँ 1912 में स्थापित हुआ ऐतिहासिक T.B. Sanatorium है। पुराने ज़माने में देश भर से लोग यहाँ टीबी के इलाज के लिए आते थे, क्योंकि यहाँ की जलवायु को बेहद स्वास्थ्यवर्धक माना जाता था। चीड़ के घने जंगलों से छनकर आने वाली ताज़ी और शुद्ध हवा फेफड़ों को एक नई ज़िंदगी देती थी।
आज भी वो ऐतिहासिक जगह वहीं खड़ी है। जब मैं और रश्मि वहाँ गए, तो चारों तरफ़ एक गहरा और सुकून देने वाला सन्नाटा छाया हुआ था। ऊँचे-ऊँचे पेड़ों के बीच से सूरज की किरणें छन-छनकर ज़मीन पर आ रही थीं।
उस शांत माहौल में रश्मि ने धीरे से कहा, अमित, यहाँ बैठकर ऐसा लग रहा है जैसे वक़्त ठहर सा गया हो…
मैं कुछ नहीं बोला, बस चुपचाप उस पल को महसूस करता रहा। दिल में एक अजीब सा सुकून भर गया था। शहर की उस बेमतलब भागदौड़, गाड़ियों के शोर और प्रदूषण से मीलों दूर सिर्फ़ प्रकृति, शांत हवा और हम। ज़िंदगी में आख़िरकार ऐसे ही कुछ चुनिंदा पल तो होते हैं जो हमेशा के लिए याद रह जाते हैं!
हमारी होमस्टे वाली रात और बारिश की बातें
दिनभर घूमने के बाद रात को हम भवाली के एक छोटे और प्यारे से होमस्टे में रुके। वहाँ की मालकिन दीदी इतनी आत्मीय थीं कि लगा ही नहीं हम किसी अनजान जगह पर हैं। उन्होंने बिल्कुल पारंपरिक कुमाऊँनी स्टाइल में खाना बनाया था काले भट्ट की चुड़कानी (दाल), झंगोरे की खीर और चूल्हे की गरम-गरम रोटियाँ। यार, उस खाने का स्वाद ऐसा था कि आज भी याद करके मुँह में पानी आ जाए! पेट भरकर नहीं, बल्कि दिल भरकर खाना खाया।
खाने के बाद हम दोनों बालकनी में जाकर बैठ गए। बाहर बारिश फिर से शुरू हो चुकी थी। टिन की छत पर गिरती बारिश की ‘टप-टप’ बूंदें ऐसा संगीत बजा रही थीं मानो पहाड़ खुद कोई लोरी गा रहे हों।
उस शांत माहौल में रश्मि ने पुरानी यादों के पन्ने पलटने शुरू कर दिए। हमारे स्कूल के वो नादान दिन, कॉलेज की बेफिक्र मस्ती, और कैसे धीरे-धीरे हम दोनों इतने पक्के दोस्त बन गए… बातें चलती रहीं। कभी पुरानी बचकानी हरकतों पर ज़ोर-ज़ोर से हँसी आती, तो कभी भावुक होकर आँखें थोड़ी नम हो जातीं।
सच कहूँ तो पहाड़ों की गोद में बैठकर दिल की बातें करने का मज़ा ही अलग है। शहर की इस भागदौड़ भरी ज़िंदगी में तो किसी के पास इतनी गहराई से बात करने की फुर्सत ही कहाँ मिलती है!
पहाड़ों की एक भीगी हुई सुबह…
अगली सुबह जब मेरी आँख खुली, तो खिड़की के बाहर सफ़ेद धुंध की चादर बिछी हुई थी। हम दोनों सुबह की ताज़ा हवा का मज़ा लेने और चाय पीने बाहर निकल पड़े।

सड़क के किनारे एक छोटी सी चाय की टपरी थी। वहाँ के मालिक भैया ने हमें देखते ही मुस्कुराकर पूछा, साहब, बढ़िया अदरक-इलायची वाली कड़क चाय पिलाएँ?
मैंने मुस्कुराते हुए कहा, हाँ भाई, बिल्कुल! दो कप बना दो।
हाथ में गरम चाय का कुल्हड़ थामे जब हमने आसपास देखा, तो भवाली अपनी रोज़ाना की दिनचर्या में जाग रहा था। लोग धीरे-धीरे अपने कामों में व्यस्त हो रहे थे। कोई ताज़ी सब्ज़ियों की दुकान लगा रहा था, कोई फलों की टोकरियाँ सजा रहा था, और छोटे-छोटे बच्चे रंग-बिरंगे बैग टांगे स्कूल जाने की जल्दी में थे। सब कुछ बहुत साधारण था, लेकिन उस सादगी में भी एक अजीब सी सुंदरता और सुकून था।
भवाली जाने का सही समय | Best Time to Visit Bhowali
वैसे तो Bhowali घूमने का सबसे सही समय मार्च से जून और फिर सितंबर से नवंबर का माना जाता है। गर्मियों में यहाँ का मौसम बेहद सुहावना रहता है, और सर्दियों में कड़ाके की ठंड के साथ पहाड़ों का एक अलग ही रूप दिखता है। लेकिन हम गए थे बारिश के मौसम में! मानसून में यहाँ चारों तरफ़ ऐसी हरियाली छा जाती है कि पूरा भवाली धुला-धुला और निखरा हुआ चमकने लगता है।
खाने-पीने का मज़ा और कुमाऊँ का असली लोकल स्वाद
अब जब भवाली आए हैं, तो यहाँ के खाने-पीने की बात न हो, ऐसा तो हो ही नहीं सकता! अगर आप यहाँ आ रहे हैं, तो मेरी एक बात गाँठ बाँध लीजिए यहाँ का स्थानीय कुमाऊँनी खाना ज़रूर ट्राई कीजिएगा।
एक दोपहर घूमते-घूमते हमने एक छोटे से लोकल रेस्टोरेंट में बैठकर प्रॉपर ‘कुमाऊँनी थाली’ ऑर्डर की। थाली में भट्ट की चुड़कानी, गहत की दाल, डूके (सब्जी) और साथ में पहाड़ों की मशहूर बाल मिठाई! भाई साब, पहला निवाला मुँह में जाते ही जो स्वाद घुला न, वो सीधे आत्मा तक पहुँच गया! बाल मिठाई का वो मावे वाला स्वाद और ऊपर से चिपके सफ़ेद दाने… आहा! रश्मि तो खाकर दीवानी ही हो गई।
सिंघाड़े की सब्जी का अनोखा स्वाद
यहाँ एक दिन हमने स्थानीय स्टाइल में बनी सिंघाड़े की सब्जी खाई। सच बताऊँ, मैंने इससे पहले कभी इस तरह से सिंघाड़े की सब्जी नहीं खाई थी मसालों का एकदम संतुलित स्वाद और अनोखा ज़ायका। रश्मि ने पहला चम्मच मुँह में रखते ही आँखें बड़ी-बड़ी करके कहा, “अमित, यार यह तो कमाल है! मैं तो दिल्ली जाकर इसे घर पर भी बनाने की कोशिश करूंगी।”
मैंने हँसते हुए चुटकी ली, ज़रूर बनाना बहन, लेकिन पहले बनाकर मुझे टिफिन में भेज देना, तभी पास करूँगा!
भवाली में वैसे तो वेज और नॉन-वेज दोनों तरह का खाना बहुत आसानी से मिल जाता है, लेकिन मेरा सुझाव यही रहेगा कि अगर आप यहाँ हैं, तो ढाबों और होमस्टे में स्थानीय कुमाऊँनी व्यंजन ही माँगकर खाएँ वही यहाँ का असली स्वाद है।
डायरी के पन्ने और बारिश की एक और रात…
उस रात फिर से झमाझम बारिश शुरू हो गई। बाहर पानी की तेज़ बौछारें और ठंडी हवा चल रही थी, और हम अपने गरम कमरे में आराम से बैठे थे। मौसम ऐसा था कि बाहर जाने का मन ही नहीं हुआ।

रश्मि अपने बैग से एक पुरानी डायरी निकालकर कुछ लिखने में मशगूल हो गई। मैंने उत्सुक होकर पूछा, क्या लिख रही हो भाई?
उसने पन्नों से नज़रें हटाए बिना मुस्कुराकर कहा, आज का दिन… और भवाली की ये बारिश। ताकि सालों बाद भी जब इसे पढ़ूँ, तो यह पल फिर से जी सकूँ।
उसकी यह बात मेरे दिल को छू गई। मैंने भी मन ही मन सोचा हाँ यार, ऐसे हसीन पलों को तो सहेज कर रखना ही चाहिए! और बस, उसी रात मैंने तय कर लिया था कि भवाली की यह खूबसूरत यादें मैं आप सभी दोस्तों के साथ अपने ब्लॉग ‘खूबसूरत भारत’ पर ज़रूर शेयर करूँगा।
आसपास घूमने लायक जगहें जो हमने देखीं
Bhowali में रुकने का सबसे बड़ा फ़ायदा यही है कि आसपास घूमने के लिए इतनी बेहतरीन जगहें हैं कि आपका हर दिन ख़ास बन जाता है। हमने भी भवाली को बेस बनाकर आसपास के कई ख़ूबसूरत नज़ारे समेटे:
1. भीमताल झील (Bhimtal Lake) सिर्फ़ 11 किलोमीटर दूर
Bhowali से निकलकर सबसे पहले हम पहुँचे भीमताल। झील का पानी इतना शांत और साफ़ था कि उसमें पूरे आसमान और पहाड़ों का प्रतिबिंब काँच की तरह चमक रहा था। हमने वहाँ नाव की सवारी का मज़ा लिया। झील के ठीक बीचों-बीच एक छोटा सा आइलैंड है, जहाँ एक प्यारा सा रेस्टोरेंट बना हुआ है।
हम वहाँ बोट से पहुँचे और किनारे बैठकर गरमा-गरम मैगी ऑर्डर की। भाप उड़ती मैगी की प्लेट सामने आते ही रश्मि ने हँसते हुए कहा, अमित, पहाड़ों पर आकर अगर मैगी न खाई, तो समझो यात्रा ही अधूरी रह गई! मैंने हँसते हुए जवाब दिया, बिल्कुल सही बात! सच में यार, पहाड़ों की ठंडी हवा में उस मैगी का स्वाद ही कुछ अलग होता है।
2. सत्तल (Sattal) सात झीलों का जादुई संगम:
भीमताल के पास ही बसा है सत्तल। यह सात प्राकृतिक झीलों का एक अनोखा समूह है, जो चारों तरफ़ घने जंगलों से घिरा हुआ है। यहाँ बर्ड-वाचर्स यानी पक्षी प्रेमी दूर-दूर से आते हैं। जब हम वहाँ जंगल की पगडंडियों पर टहल रहे थे, तो चारों तरफ़ इतने घने पेड़ और सन्नाटा था कि लग रहा था जैसे हम किसी परियों की कहानी वाले जंगल में आ गए हों!
3. घोड़ाखाल का गोलू देवता मंदिर (Golu Devta Temple, Ghorakhal):
भवाली के पास ही न्याय के देवता ‘गोलू देवता’ का प्रसिद्ध मंदिर है। इस मंदिर की सबसे ख़ास बात यह है कि यहाँ चारों तरफ़ हज़ारों-लाखों पीतल की घंटियाँ लटकी हुई हैं! लोग यहाँ अपनी मनोकामनाएँ काग़ज़ पर लिखकर चढ़ाते हैं और मन्नत पूरी होने पर घंटी बाँधते हैं।
हम भी दर्शन करने पहुँचे। रश्मि ने वहाँ से एक छोटी सी सुंदर सी घंटी खरीदी और श्रद्धा से मंदिर में लटका दी। फिर मेरी तरफ़ देखकर मुस्कुराते हुए बोली, चलो, मैंने भी कुछ माँग लिया!
मैंने उत्सुक होकर पूछा, क्या माँगा भाई?
उसने आँख मटकाकर कहा, बताऊँगी नहीं, सीक्रेट है! मैंने भी ज़्यादा ज़िद नहीं की… आख़िर दोस्तों के बीच ऐसे छोटे-छोटे राज़ ही तो दोस्ती को ख़ास बनाते हैं!
4. कैंची धाम (Kainchi Dham) असीम शांति का केंद्र:
नीम करौली बाबा का ‘कैंची धाम’ आश्रम भवाली से सिर्फ़ 8-10 किलोमीटर दूर है। हम यहाँ पहले ही दर्शन कर चुके थे, लेकिन भवाली में रहने का यह सबसे बड़ा फ़ायदा है कि आप यहाँ से आसानी से धाम पहुँच सकते हैं। स्टीव जॉब्स और मार्क जुकरबर्ग जैसी हस्तियाँ भी यहाँ शांति की तलाश में आ चुकी हैं। वहाँ के आध्यात्मिक वातावरण में जो दिल को सुकून मिलता है, उसे शब्दों में बयान करना मुश्किल है। ये लिजिए मेरे कैंची धाम यात्रा का पूरा लेख जिसे पढ़कर यकीनन आप भी दौड़ते चले आयेंगे यहां।
5. रामगढ़ और भवाली का रंग-बिरंगा फल बाज़ार:
धाम से लौटकर हमने शाम का समय भवाली के फल बाज़ार में बिताया। बाज़ार में ताज़े लाल सेब, आड़ू और प्लम के बड़े-बड़े ढेर लगे हुए थे। एक लोकल दुकानदार भैया से बात हुई तो उन्होंने बताया कि ये सारे फल पास के ‘रामगढ़’ से आते हैं, जिसे कुमाऊँ का ‘Fruit Bowl‘ या फ्रूट बेल्ट कहा जाता है। बाज़ार की वो रंगीन चहल-पहल और फलों की सोंधी खुशबू ने हमारी शाम को और भी यादगार बना दिया।
हमारा छोटा सा ट्रेक और पहाड़ों वाली मस्ती
एक दिन सुबह-सुबह हमने सोचा कि क्यों न भवाली के आसपास के पहाड़ों पर थोड़ा पैदल ट्रैकिंग किया जाए! हम दोनों ने अपने जूते कसे और निकल पड़े एक अनजान सी पगडंडी पर।
रास्ता हरी-भरी घास और छोटे-छोटे रंग-बिरंगे जंगली फूलों से भरा हुआ था। रास्ते में टहलते-टहलते रश्मि ने ज़मीन पर गिरा हुआ एक सुंदर सा जंगली फूल उठाया और मुस्कुराते हुए अपने बालों में लगा लिया। फिर मुड़कर अदा से बोली, देख अमित, अब लग रही हूँ न एकदम प्रॉपर पहाड़ी लड़की?

मैंने तुरंत अपना फोन निकाला और उसकी एक मस्त फोटो क्लिक कर ली। बाद में जब हम दोनों बैठकर वो तस्वीरें देख रहे थे, तो खूब हँसी आई। चेहरे पर चढ़ाई की हल्की थकान साफ़ दिख रही थी, लेकिन आँखों में खुशी उससे कहीं ज़्यादा थी! सच कहूँ तो पहाड़ों में पैदल चलने से शरीर भले ही थोड़ा थक जाए, लेकिन मन एकदम हल्का और तरोताज़ा हो जाता है।
तारों भरी रात और एक जादुई सुबह…
उस रात किस्मत से आसमान एकदम साफ़ हो गया। बारिश रुक चुकी थी और काले आसमान में अनगिनत तारे चमक रहे थे! शहर में तो प्रदूषण की वजह से दो-चार तारे ही मुश्किल से दिखते हैं, लेकिन यहाँ तारों की पूरी आकाशगंगा बिछी हुई थी। हम होमस्टे के आँगन में बैठकर तारे गिनने की नाकाम कोशिश करने लगे… और गिनते-गिनते कब ठंडी हवा के झोंकों के साथ नींद आ गई, पता ही नहीं चला।
अगली सुबह उठे तो फिर वही हल्की धुंध छाई हुई थी। लेकिन पहाड़ों पर धुंध का भी अपना ही मज़ा है! जब धुंध के पीछे से देवदार के पेड़ों को चीरती हुई सूरज की सुनहरी किरणें बाहर निकलती हैं, तो ऐसा लगता है मानो प्रकृति सामने कोई जादू दिखा रही हो।
Bhowali में शॉपिंग और घर वापसी की यादें
अगर आप Bhowali आ रहे हैं, तो यहाँ शॉपिंग का भी अपना एक अलग आनंद है। ताज़ा और रसीले फल तो ख़रीदना बनता ही है, लेकिन इसके अलावा आप यहाँ से स्थानीय हस्तशिल्प और गरम ऊनी कपड़े भी ले सकते हैं।
हमने भी बाज़ार में घूमते हुए अपने परिवार के लिए कुछ सुंदर और मुलायम स्कार्फ़ ख़रीदे कीमत एकदम किफ़ायती और क्वालिटी ज़बरदस्त! वापस लौटते वक्त हमारे थैले ताज़े सेबों और प्लम से भरे हुए थे, और दिल भवाली की ढेरों ख़ूबसूरत यादों से…
Bhowali कैसे पहुँचें और कहाँ ठहरें?
अब आप सोच रहे होंगे कि इस ख़ूबसूरत जगह तक पहुँचना कैसे है, तो चलिए वो भी आसान शब्दों में बता देता हूँ:
- ट्रेन से: सबसे पास का रेलवे स्टेशन काठगोदाम है लगभग 30-34 किमी। वहाँ से भवाली के लिए आपको शेयरिंग टैक्सी, प्राइवेट कैब या सरकारी बसें बहुत आसानी से मिल जाएँगी।
- फ्लाइट से: सबसे नजदीकी एयरपोर्ट पंतनगर है लगभग 65-70 किमी। वहाँ से भी टैक्सी लेकर आप 2-3 घंटे में भवाली पहुँच सकते हैं।
- सड़क मार्ग से: दिल्ली और आसपास के शहरों से डायरेक्ट बसें और रोड कनेक्टिविटी बेहतरीन है।
वैसे पहुँचने की टेंशन मत लीजिए, असली मज़ा तो भवाली की हवा में कदम रखते ही शुरू होता है!
कहाँ ठहरें? (Where to Stay in Bhowali):
भवाली में रुकने के लिए आपको हर बजट के होटल, रिज़ॉर्ट और गेस्ट हाउस मिल जाएँगे। लेकिन मेरी मानें तो यहाँ किसी लोकल होमस्टे में रुकिए!
हमने भी एक प्यारा और सादा सा होमस्टे चुना था, जहाँ का माहौल एकदम अपने घर जैसा था। मालकिन दीदी रोज़ सुबह चेहरे पर मीठी सी मुस्कान के साथ गरमा-गरम चाय दे जाती थीं और आत्मीयता से पूछती थीं, “बेटा, आज कहाँ घूमने का प्लान है?” सच बताऊँ, ऐसा अपनापन और सुकून आपको बड़े-बड़े शहरों के महंगे होटलों में ढूँढने से भी नहीं मिलेगा!
पहाड़ों ने सिखाई रुकने की कला
अब थोड़ी सी दिल की और काम की बात…
आजकल हम सब ट्रैवल के नाम पर सिर्फ़ मशहूर जगहों के पीछे भाग रहे हैं नैनीताल, मसूरी, शिमला! वहाँ पहुँचते हैं, गाड़ियों के जाम और भीड़-भाड़ में खो जाते हैं, और थके-हारे वापस लौट आते हैं। लेकिन भवाली जैसी शांत और हसीन जगहें चुपचाप हमारा इंतज़ार करती रहती हैं।
यहाँ आकर सच में महसूस हुआ कि ज़िंदगी की इस बेमतलब भागदौड़ में थोड़ा ‘रुकना’ कितना ज़रूरी है! शहर में हम सब किस चीज़ के पीछे भाग रहे हैं? यहाँ पहाड़ों की गोद में बैठकर सोचा तो लगा कि जिन बातों को हम शहर में बहुत बड़ा समझते हैं, वो कितनी छोटी हैं। और जो बातें बहुत मामूली लगती हैं जैसे हाथ में चाय का कुल्हड़, किसी पुराने दोस्त की हँसी, या टिन की छत पर टप-टप गिरती बारिश की आवाज़ वही असल में ज़िंदगी का असली मज़ा हैं!
वापस आने से एक दिन पहले रश्मि ने चाय की चुस्की लेते हुए कहा, “अमित, अगली बार जब आएँगे न, तो यहाँ कम से कम दो-चार दिन और ज़्यादा रुकेंगे!”
मैंने मुस्कुराकर कहा, “बिल्कुल! और इस बार यहीं से आगे मुक्तेश्वर और रामगढ़ की वादियों को भी एक्सप्लोर करेंगे।”
उसने हाँ में सिर हिला दिया। सच में, दोस्तों के साथ ऐसे आने वाले सफ़र के प्लान बनाना भी कितना खूबसूरत होता है न? भले ही वो प्लान बाद में पूरे हों या न हों, लेकिन उनके बारे में सोचकर ही दिल खुश हो जाता है।
भवाली ट्रिप प्लान करने के लिए कुछ काम के लिंक्स
अगर आप भी Bhowali जाने का मन बना रहे हैं और एकदम सही और ऑफिशियल जानकारी चाहते हैं, तो खूबसूरत भारत के अलावा इन वेबसाइट्स को ज़रूर चेक कर सकते हैं:
- उत्तराखंड टूरिज्म : यहाँ आपको रूट, मौसम और स्टे से जुड़ी हर ऑफिशियल डिटेल मिल जाएगी।
- नैनीताल जिला प्रशासन वेबसाइट: लोकल स्पॉट्स और प्रशासनिक जानकारियों के लिए।
- विकिपीडिया: भवाली के इतिहास और भूगोल को करीब से समझने के लिए।
- यात्रा कैसे शुरू करें : प्लानिंग टिप्स, बजट हैक्स और वो सब जो कोई नहीं बताता
ये सब एकदम ऑथेंटिक सोर्स हैं, जहाँ से आप अपनी ट्रिप के लिए सटीक डिटेल्स ले सकते हैं।
मौसम, सावधानी और दिल में बसी छोटी-छोटी यादें
चलते-चलते कुछ काम की बातें और Bhowali की वो खट्टी-मीठी यादें भी सुन लो:
- मौसम और सावधानी: Bhowali आने से पहले मौसम ज़रूर चेक कर लें। मानसून में सड़कें थोड़ी फिसलन भरी हो जाती हैं, तो गाड़ी ध्यान से चलाएँ। और हाँ, सर्दियों में तो अच्छे-खासे गरम कपड़ों की ज़रूरत पड़ती ही है, पर बारिश के मौसम में भी हल्की जैकेट साथ रखना समझदारी है। हमारे तो बहुत काम आई!
- पहाड़ी लोग और उनका अपनापन: यहाँ के लोग बेहद सीधे और मददगार हैं। एक दिन हम रास्ता भटक गए, तो एक लोकल अंकल ने बिना किसी झिझक के अपनी बाइक से हमें सही जगह तक छोड़ दिया! शहर में ऐसा अपनापन कहाँ मिलता है यार?
- सनसेट और वो खट्टा-मीठा फल: शाम को जब सूरज डूबता है, तो पहाड़ एकदम सुनहरे चमक उठते हैं। हम एक व्यू-पॉइंट पर चुपचाप बैठे बस उस नज़ारे को देखते रहे… कभी-कभी कुछ बोले बिना सिर्फ़ महसूस करना ही काफ़ी होता है।
और हाँ, एक मज़ेदार किस्सा सुनिए! फल बाज़ार में मैंने एक अजीब सा लोकल फल देखा और सीधे खा लिया एकदम खट्टा-मीठा! रश्मि ने भी एक बाइट ली और ऐसा मुँह बनाया कि मेरी हँसी ही नहीं रुकी। बोली, अमित, अगली बार बिना पूछे मत खाना!
भवाली ट्रिप की कुछ ख़ास टिप्स और आख़िरी यादें
अगर आप भी Bhowali का प्लान बना रहे हैं, तो मेरी एक सलाह मानिए जल्दबाज़ी बिल्कुल मत कीजिएगा! धीरे-धीरे घूमो, लोकल लोगों से बातें करो, ताज़े फल खाओ, और कैमरे को थोड़ा परे रखकर नज़ारों को सिर्फ़ महसूस करो।
श्यामखेत टी गार्डन : Bhowali के पास श्यामखेत की तरफ़ ख़ूबसूरत चाय के बागान हैं। हरी-भरी पत्तियों की खुशबू के बीच घूमते हुए रश्मि ने मुस्कुराकर कहा, अमित, यहाँ तो सुकून से बैठकर कोई किताब पढ़ने का मन करता है। सच में, यह जगह इंसान को ठहराव देती है।
- मौसम, ट्रांसपोर्ट और लोकल स्वाद: गर्मियों में यहाँ का तापमान सुहावना (20-25°C) रहता है और बारिश में बादल पहाड़ों से आँख-मिचौली खेलते हैं। घूमने के लिए शेयर्ड जीप और टैक्सी आसानी से मिल जाती हैं, लेकिन पैदल टहलने का मज़ा ही अलग है। रास्ते की टपरियों पर रुककर गरमा-गरम समोसे, पकौड़े और चाय का मज़ा ज़रूर लें!
- प्रकृति का सम्मान करें : पहाड़ों की सुंदरता तभी बनी रहेगी जब हम इनका सम्मान करेंगे। प्लास्टिक या कचरा कहीं भी न फेंकें। जैसा रश्मि ने कहा था हमें यह ख़ूबसूरती अगली पीढ़ी के लिए भी बचाकर रखनी है।
सूर्योदय और एक नई शुरुआत…
यात्रा के आख़िरी दिन हमने होटल की छत पर कंबल ओढ़े सूर्योदय देखा। जैसे ही सूरज की पहली किरण पड़ी, पूरे पहाड़ सुनहरे-लाल हो गए। रश्मि ने धीरे से कहा, इसे देखकर लगता है जैसे ज़िंदगी में एक नई शुरुआत हो रही हो…
मैं बस चुपचाप मुस्कुरा दिया। भवाली भले ही छोटा सा हिल स्टेशन है, लेकिन यह दिल में बहुत बड़ी और ख़ूबसूरत जगह बना लेता है! सच कहूँ तो, अकेले घूमने का अपना मज़ा है, लेकिन रश्मि जैसे किसी सच्चे दोस्त के साथ यात्रा करो न, तो वो सफर ताउम्र के लिए याद बन जाता है!
आखिरी बात और आप सभी को न्योता दिल से!
अब जब यह सब लिख रहा हूँ, तो लग रहा है जैसे मैं फिर से वहीं भवाली की वादियों में पहुँच गया हूँ वही बारिश की टप-टप आवाज़, ताज़े फलों की खुशबू और रश्मि के साथ वो बेफ़िक्र हँसी!
अगर आप भी शहर की भागदौड़ से दूर, शांति के करीब जाना चाहते हैं, तो भवाली ज़रूर जाइए। यह उत्तराखंड का एक ऐसा Offbeat छुपा रुस्तम हिल स्टेशन है जिसे लोग अभी कम जानते हैं, लेकिन जो एक बार यहाँ चला जाता है, वो बार-बार खिंचा चला आता है।
वापस आने के बाद जब भी दिल्ली की भीड़ में बैठ कर फोन में वो तस्वीरें देखता हूँ, तो चेहरे पर खुद-ब-खुद मुस्कान आ जाती है। रश्मि का भी मैसेज आया था, अमित, अगली बार का प्लान कब बन रहा है? मैंने मुस्कुराते हुए जवाब दिया बहुत जल्द!
सच कहूँ तो पहाड़ हमें ‘रुकना’ सिखाते हैं। हम रोज़ कितना भागते हैं, लेकिन Bhowali की शांत हवा में बैठकर लगता है कि बस… सब ठीक है! हँसी, दिल की बातें, वो हल्की सी चुप्पी, बारिश, ताज़े फल और ऊँचे पहाड़ ज़िंदगी के यही छोटे-छोटे टुकड़े तो ताउम्र याद रह जाते हैं।
तो दोस्तों, यह थी मेरी और रश्मि की Bhowali की एक छोटी सी, भीगी-भीगी और ख़ूबसूरत सी याद! उम्मीद है ‘खूबसूरत भारत’ के आप सभी प्यारे पाठकों को भवाली की यह कहानी पसंद आई होगी।
अगर आपने भी कभी Bhowali का यह शांत रूप महसूस किया है, तो कमेंट करके अपनी यादें ज़रूर शेयर कीजिएगा। फिर मिलते हैं खूबसूरत भारत के किसी नए रास्ते और किसी नई कहानी के साथ… तब तक के लिए, खुश रहिए और घूमते रहिए!





Leave a Reply